back to top

राजनांदगांव: गंज लाईन में पिछले दो दिन के भीतर 12 मवेशियों की मौत…

राजनांदगांव, 14 जनवरी। शहर के प्राचीन मंदिर श्री बालाजी धाम गंज लाईन में पिछले दो दिन के भीतर 12 मवेशियों की मौत होने से नाराज मोहल्लेवासियों ने आज दोपहर चक्काजाम कर दिया। वे तहसीलदार के पहुंचने के बाद भी नहीं माने और आयुक्त के पहुंचने के बाद शांत हुए। आयुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि मंदिर के पास कचरा नहीं डाला जायेगा, तब कहीं जाकर उन्होंने चक्काजाम समाप्त किया।

Advertisements

श्री बालाजी धाम पुरानी गंज मंडी के पास नगर निगम के सफाई ठेकेदार द्वारा काफी समय से कचरा डलवाया जा रहा है। जिससे मंदिर में दर्शन करने आने बालों को तथा मोहल्ले वालों को बदबू का सामना करना पड़ता है। इस कचरे के ढेर को मवेशी फैला भी देते हैं जिससे परिसर में गंदगी फैल जाती है। कचरे में खाने की तलाश करने यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मवेशी पहुंचते है और जहरीला खाना खाकर बीमार पड़ते हैं या उनकी मृत्यु हो जाती है।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि उक्त स्थान में कचरा नहीं डालने की बात कहते- कहते वे थक गए किंतु ठेकेदार यहीं कचरा डलवाता है। उन्होंने महापौर और आयुक्त से भी इसकी शिकायत की थी किंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई और ठेकेदार यहां कचरा डलवाता रहा। जहरीला खाना खाने की वजह से सप्ताह में एक-दो मवेशियों की मौत भी हो जाती है किंतु पिछले दो दिन में जब दर्जनभर मवेशियों एवं एक कुत्ते की मौत हो गई तो उनकी बर्दास्त करने की शक्ति खत्म हो गई और उन्होंने आंदोलन का रूख अख्तियार
करना ही उचित समझा।

वार्डवासियों ने बताया कि आज दोपहर ढाई बजे उन्होंने गंज चौक में चक्काजाम शुरू कर दिया और लगभग ढाई-तीन घंटे तक यह जाम जारी रहा। इस बीच तहसीलदार रमेश मौर्य भी पहुंचे किंतु वार्ड के रहवासी नहीं माने। उन्होंने निगम प्रशासन, महापौर एवं वार्ड पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शाम 4.30 बजे के लगभग आयुक्त चंद्रकांत कौशिक एवं कार्यपालन अभियंता दीपक जोशी पहुंचे तो आक्रोशित वार्डवासियों ने उन्हें घेर लिया और मृत गायों का पोस्टमार्टम कराने तथा मंदिर परिसर के पास कचरा एकत्र करना बंद करवाने की मांग रखी। आयुक्त श्री कौशिक ने उन्हें आश्वस्त किया कि मंदिर परिसर के पास कचरा एकत्र नहीं किया जायेगा, वैसे भी पास में ही (इंदिरा सरोवर के पास) एसएलआरएम सेंटर है तो फिर यहां कचरा फेंकने या एकत्र करने का कोई औचित्य नहीं। उन्होंने गायों के शव का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिये। आयुक्त के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और जाम समाप्त हुआ। गंज चौक में आवाजाही व्यवस्थित होने में आधे घंटे का समय लग गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page