back to top

राजनांदगांव: गैंदाटोला थाना परिसर में “होशियार रहें सियान” अभियान के तहत जनजागरूकता बैठक 52 गांवों के प्रतिनिधि शामिल…

राजनांदगांव। थाना गैंदाटोला परिसर में मंगलवार को “होशियार रहें सियान” अभियान के तहत एक व्यापक जनजागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा तथा डोंगरगांव के एसडीओपी श्री दिलीप सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में एवं थाना प्रभारी निरीक्षक श्री कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

Advertisements

बैठक में 52 गांवों के सरपंच, पंच, कोटवार एवं क्षेत्र के प्रमुख लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने असामाजिक एवं असंवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में अपनी सहभागिता देने की बात कही।

थाना प्रभारी श्री कौशलेश देवांगन ने धान खरीद केंद्रों में जारी प्रक्रियाओं, बैंकों से पैसे निकासी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी।

धान केंद्रों एवं बैंकिंग संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश

धान बिक्री केंद्र ले जाते समय वाहन में क्षमता से अधिक धान न रखें और टोकन के आधार पर ही केंद्र पहुंचें।

बैंक से पैसे निकालते समय सुरक्षित बैग का उपयोग करें, अकेले न जाएं और निकासी के बाद सीधे घर लौटें।

अज्ञात व्यक्तियों से बातचीत न करें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए चेतावनी

अधिकारीगण ने बताया कि धान बिक्री के दौरान किसानों के खातों में धनराशि रहती है, जिसे निशाना बनाकर साइबर ठग विभिन्न तरीकों से धोखाधड़ी कर सकते हैं।

धान टोकन, मोबाइल नंबर अपडेट, आधार लिंक, ओटीपी या एटीएम नंबर मांगे जाने पर सतर्क रहें।

बैंक व शासकीय संस्थाएं फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगतीं—ऐसे कॉल को तुरंत अनदेखा करें। किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा साइबर धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत थाने में रिपोर्ट करें।

बैठक में थाना गैंदाटोला स्टाफ—सउनि मेघनाथ सिन्हा, प्रआर सुकल सिंह मेरावी, आरक्षक मोहित साहू, राकेश साहू, अमर सिंह, जलेश्वर एवं टीकाराम ध्रुव का उल्लेखनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान सुरक्षा एवं विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Advertisements

You cannot copy content of this page