
राजनांदगांव। शहर में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आदतन आरोपी को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 12 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि टांकापारा रोड पर एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर घूम रहा है और लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अभिषेक शर्मा (28 वर्ष), निवासी बख्तावर चाल, तुलसीपुर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 355/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अभिषेक शर्मा के विरुद्ध पहले से मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास तथा जुआ एक्ट सहित आठ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह, उप निरीक्षक सुमेंद्र कुमार खरे, आरक्षक अश्वनी ठाकुर एवं पूरन लाल वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









































