back to top

राजनांदगांव: नंदई चौक में उपद्रव मचाना पड़ा भारी, बसंतपुर पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार…

राजनांदगांव। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने नंदई चौक में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और उपद्रव कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Advertisements


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 जून को सूचना प्राप्त हुई थी कि नंदई चौक के पास कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर हो-हल्ला कर रहे हैं। समझाइश दिए जाने के बावजूद वे नहीं मान रहे थे, जिससे वहां अनावश्यक भीड़ एकत्रित हो गई और शांति व्यवस्था प्रभावित होने लगी।


सूचना मिलते ही थाना बसंतपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए वीर कुमार उर्फ छोटू यादव (22 वर्ष), फेरहा राम ठाकुर उर्फ छोटू (30 वर्ष) तथा अनिल यादव (50 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 तथा धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।


इसके बाद तीनों आरोपियों को माननीय एसडीएम न्यायालय, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों और कानून व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page