
राजनांदगांव/डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, री-बॉटलिंग तथा नकली लेबल और होलोग्राम तैयार कर शराब को वैध रूप में खपाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने प्रिंटिंग दुकान से लेजर प्रिंटर, कंप्यूटर, मोबाइल फोन, शराब के लेबल एवं होलोग्राम स्टीकर सहित करीब 1.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी देवव्रत वर्मा, फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी के कहने पर छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू व्हिस्की के लेबल और होलोग्राम स्टीकर तैयार कराने के लिए ग्राम मोहारा स्थित डायमंड कलेक्शन की प्रिंटिंग दुकान पहुंचा था। यहां करीब 3 हजार जम्मू व्हिस्की के लेबल और 3 हजार होलोग्राम स्टीकर तैयार कराने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आरोपी तेजेश्वर साहू और देवव्रत वर्मा के बीच हुए UPI लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।
पुलिस ने प्रिंटिंग दुकान से डेल कंपनी का मॉनिटर, जेब्रोनिक्स CPU, की-बोर्ड, माउस, कोनिका मिनोल्टा लेजर प्रिंटर, मोबाइल फोन सहित जम्मू व्हिस्की के लेबल और होलोग्राम स्टीकर बरामद किए हैं। जब्त इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंटिंग उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
वहीं आरोपी देवव्रत वर्मा से मोबाइल फोन, एक होलोग्राम स्टीकर और जम्मू व्हिस्की का एक लेबल जब्त किया गया है। आरोपी आनंद अग्रवाल के कब्जे से 180 एमएल क्षमता की 2,100 प्लास्टिक बोतलें बरामद हुई हैं, जिन पर छत्तीसगढ़ राज्य में बिक्री, CSMCL और CGFL संबंधी अंकन है। उसके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
मामले की पूर्व जांच के दौरान ग्राम मोहारा स्थित बोरघर से 497 नग 180 एमएल पौवा शराब, कुल 89.46 बल्क लीटर, बरामद की गई थी। इसमें 429 नग उत्तराखंड निर्मित शराब और 68 नग छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू व्हिस्की के साथ होलोग्राम स्टीकर, शराब के लेबल, खाली बोतलें, प्लास्टिक एवं मेटल ढक्कन तथा अन्य पैकेजिंग सामग्री शामिल थी।
पुलिस के मुताबिक, अब तक मामले में कुल करीब 2 लाख 42 हजार 462 रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है। आबकारी विभाग के परीक्षण में जब्त शराब के नमूनों को प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं पुनः बॉटलिंग की गई शराब बताया गया है। वहीं लेबल, स्टीकर और पैकेजिंग सामग्री को संदिग्ध बताया गया है। इनकी आगे FSL और संबंधित निर्माण इकाइयों से जांच कराई जा रही है।

पुलिस ने प्रकरण में तेजेश्वर साहू, देवव्रत वर्मा और आनंद अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। वहीं दउवा वर्मा और नन्द किशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले के फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी और राजा भाटिया की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, UPI लेन-देन, कॉल डिटेल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। शराब के निर्माण, लेबलिंग, पैकेजिंग, परिवहन और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशरी नंदन नायक और डीएसपी साइबर/क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना डोंगरगढ़, पुलिस चौकी मोहारा एवं साइबर/क्राइम टीम द्वारा की गई।











































