back to top

राजनांदगांव: नवरात्रि से पहले पुलिस अलर्ट, डोंगरगढ़ पदयात्रा मार्ग का किया निरीक्षण…

राजनांदगांव। आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में पदयात्रा कर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने अधिकारियों के साथ अंजोरा से डोंगरगढ़ तक पूरे पदयात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

Advertisements


निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, डीएसपी अलेक्जेंडर किरो और यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अंजोरा से डोंगरगढ़ तक लगभग 61.8 किलोमीटर लंबे मार्ग का भ्रमण कर प्रमुख चौक-चौराहों, पड़ाव स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया।


पुलिस द्वारा पदयात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, स्टॉपर्स, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था और रूट प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही तुमड़ीबोड़ मार्ग से आने वाले पदयात्रियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए वहां की यातायात व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।


इस वर्ष पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा रेडियम बेल्ट और बैग या शर्ट पर लगाने के लिए रिफ्लेक्टर स्टिकर वितरित किए जाएंगे, जिससे रात के समय वाहन चालकों को पैदल श्रद्धालु दूर से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।


यातायात को सुचारु रखने के लिए अंजोरा ग्राम से आगे मार्ग को वन-वे (One Way) किया जाएगा और सड़क के एक हिस्से को विशेष रूप से पदयात्रियों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। इसके अलावा बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए दुर्ग जिले और महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया है।


पुलिस प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि 16 मार्च को पूरे मार्ग पर पुलिस बल और स्टॉपर्स के साथ रियल-टाइम रिहर्सल भी किया जाएगा, ताकि ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों की स्पष्ट जानकारी हो सके और किसी भी कमी को नवरात्रि शुरू होने से पहले दूर किया जा सके।

Advertisements

You cannot copy content of this page