back to top

राजनांदगांव: पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, एक घंटे में आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को घटना के महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को सूचना मिली कि ग्राम मोहड़ में दीपक चंद्राकर पर घनश्याम निषाद उर्फ गुनगुन ने धारदार चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में भर्ती कराया गया।

घायल दीपक चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।

इसी दौरान त्रिलोक ठेला के पास आरोपी ने उसका रास्ता रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि “आजकल बहुत बातें करता है और गांव में हीरोपंथी करता है” और हत्या की नीयत से चाकू से उसके पेट एवं दाहिने हाथ पर वार कर दिया।

पीड़ित की शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 302/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में गठित टीम ने निरीक्षक एवं थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी घनश्याम निषाद उर्फ घन्सू उर्फ गुनगुन (20 वर्ष), निवासी शीतलापारा, मोहड़ को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक नरेश सार्वा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राजीव चंद्रा सहित थाना बसंतपुर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page