back to top

राजनांदगांव : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास उपलब्ध कराने के संबंध में तैयार की गई रणनीतियों एवं कार्य-योजनाओं पर की गई चर्चा…

राजनांदगांव 24 जुलाई 2024। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत राज्य शासन द्वारा हितग्राहियों के आवास स्वीकृति हेतु आगामी वृहद मात्रा में लक्ष्य प्राप्त होने के संबंध में जिले में पूर्व तैयारी के लिए अधिकारियों की बैठक ली।

उन्होंने राजनांदगांव जिले के सभी विकासखण्डों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के स्थाई प्रतीक्षा सूची के 14909 पात्र हितग्राहियों एवं आवास प्लस के 29093 पात्र हितग्राही इस प्रकार कुल 44002 पात्र हितग्राहियों के स्वीकृति की अनुशंसा पर आवश्यक रणनीति और कार्य योजनाओं पर चर्चा की।

उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, तहसीलदार एवं पटवारियों को भूमिहीन पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकित कर आबादी भूमि उपलब्ध कराने एवं ऐसे ग्राम पंचायत जहां आबादी भूमि नहीं है, वहां आबादी भूमि हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सचिव एवं पटवारियों से समन्वयय स्थापित कर प्रस्ताव तैयार कर उच्च कार्यालय को उपलब्ध करने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में ऐसी ग्राम पंचायत जहां भूमिहीन पात्र हितग्राहियों की संख्या अधिक है उसे चिन्हांकित करते हुए कालोनी निर्माण करने के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में सीईओ जनपद पंचायतों द्वारा आगामी लक्ष्य को देखते हुए तैयार की गई कार्ययोजना को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया।

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्री आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक गुप्ता सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page