back to top

राजनांदगांव: फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर महिला की फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। थाना घुमका पुलिस ने महिला की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसकी निजी एवं अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लगातार फेसबुक के माध्यम से महिला की निजता भंग कर रहा था।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना घुमका में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसकी निजी तस्वीरें, वीडियो और मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं। इससे उसकी निजता प्रभावित हो रही थी और उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।


मामला महिला से संबंधित होने के कारण इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी डोंगरगांव श्रीमती मंजूलता बाज के निर्देशन में थाना प्रभारी घुमका निरीक्षक विजय मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपी के मोबाइल लोकेशन की निगरानी कर रही थी। इसी बीच आरोपी की लोकेशन राजनांदगांव रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान मारपल्ली राकेश (27 वर्ष), पिता मारपल्ली श्रीनिवास, निवासी अलीपुर, पोस्ट अलीपुर, थाना जहीराबाद, जिला संगारेड्डी (तेलंगाना) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 18 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

Advertisements

You cannot copy content of this page