back to top

राजनांदगांव: ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंजा राजनांदगांव, स्वतंत्रता दौड़ में उमड़ा जनसैलाब…

राजनांदगांव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर से स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत इस आयोजन में स्कूली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Advertisements

स्वतंत्रता दौड़ को महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख एवं जिला कलेक्टर जितेंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।

दौड़ के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ स्वतंत्रता दिवस के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, एकता, भाईचारे और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना रहा। स्वतंत्रता दौड़ में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Advertisements

You cannot copy content of this page