back to top

भिलाई: टोल प्लाजा पर पार्किंग विवाद बना जानलेवा, ट्रक चालक की मौत के बाद हाईवा चालक गिरफ्तार…

भिलाई। टोल प्लाजा कुम्हारी के पास वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में एक हाईवा चालक द्वारा दूसरे ट्रक चालक के साथ मारपीट की गई। मारपीट के बाद ट्रक चालक की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। कुम्हारी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Advertisements

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार टोल प्लाजा कुम्हारी के पास ट्रक क्रमांक एच आर 38 जेड3022 के चालक द्वारा कटिंग से यूटर्न लेते हुए दुर्ग-रायपुर मार्ग पर वाहन खड़ा कर दिया गया था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक सी जी 04 एलबी 9345 ट्रक के समीप आकर रुका।

वाहन खड़ा करने की बात को लेकर दोनों चालकों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान हाईवा चालक द्वारा ट्रक चालक के साथ हाथ- मुक्का से मारपीट की गई। मारपीटके बाद ट्रक चालक की तबीयत बिगड़ गई तथा उपचार हेतु अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया, जिसमें हाईवा चालक द्वारा ट्रक चालक के साथ मारपीट करते पाया गया।

आरोपी देव कुमार साहू (37 वर्ष) निवासी ग्राम भूसरेंगा थाना रनचीराई जिला बालोद के विरुद्ध थाना कुम्हारी में धारा 105 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page