back to top

राजनांदगांव में पुलिस की कांबिंग गश्त, 45 से अधिक असामाजिक तत्वों की हुई जांच…


राजनांदगांव । जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया।

Advertisements


यह अभियान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान के लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने थाना कोतवाली, थाना बसंतपुर एवं पुलिस चौकी चिखली क्षेत्र के संवेदनशील मोहल्लों और कॉलोनियों में सघन कांबिंग गश्त की।


कांबिंग गश्त के दौरान 60 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों तथा सुनसान इलाकों में भ्रमण कर 45 से अधिक असामाजिक एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की।
अभियान के तहत थाना कोतवाली क्षेत्र के लखोली, बैगपारा, दुर्गा चौक एवं राजीव नगर, पुलिस चौकी चिखली क्षेत्र के 16 खोली स्टेशन, शंकरपुर, शांति नगर, मोतीपुर एवं रामनगर तथा थाना बसंतपुर क्षेत्र के कुआं चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर चौक एवं डबरीपारा में विशेष रूप से चेकिंग की गई।


कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। इसके साथ ही पूर्व में अपराध में संलिप्त रहे नाबालिगों के घर जाकर उनके माता-पिता को रात्रि समय अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने देने की समझाइश दी गई।


इस अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री एलेक्जेंडर किरो, एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केसरी नंदन नायक सहित सभी संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने दल-बल के साथ उपस्थित रहे।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने और अपराधियों में भय का माहौल कायम करने के लिए इस तरह की कांबिंग गश्त आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page