back to top

राजनांदगांव: मोहारा बायपास पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, स्कूटी व मोबाइल जब्त…

राजनांदगांव।शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बसंतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आम स्थान पर धारदार चाकू लहराकर आम जनता और राहगीरों को भयभीत करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisements


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 17 जनवरी 2026 को थाना बसंतपुर पुलिस को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक मोहारा बायपास ओवरब्रिज के पास मोपेड स्कूटी में सवार होकर हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही निरीक्षक एमन साहू, थाना प्रभारी बसंतपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई।


पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को आम स्थान पर चाकू लहराते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से एक नग लोहे का धारदार चाकू, घटना में प्रयुक्त मोपेड स्कूटी क्रमांक CG-07-LY-3390 तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमीत भारती (24 वर्ष), पिता विनोद भारती, निवासी उडिया मोहल्ला, प्रभातनगर, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल वारंट प्राप्त होने पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, सउनि. गोवर्धन देशमुख, प्र.आर. दीपक जाटव, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा एवं राजेश बंदेश्वर की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page