back to top

राजनांदगांव: वन्य प्राणी इंडियन ग्रे मुंगूस का शिकार करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल…

राजनांदगांव। डोंगरगांव | 24 जनवरी 2026 थाना डोंगरगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी पुल के पास वन्य प्राणी इंडियन ग्रे मुंगूस का शिकार करने वाले आरोपी को डोंगरगांव पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 23 जनवरी 2026 को शाम करीब 5 बजे थाना डोंगरगांव को मोबाइल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शिवनाथ नदी एनीकट के पास एक व्यक्ति द्वारा वन्य प्राणी इंडियन ग्रे मुंगूस का शिकार कर उसे अपने पास रखा गया है। सूचना मिलते ही थाना डोंगरगांव पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

Advertisements


पुलिस ने ग्राम मटिया, शिवनाथ नदी एनीकट के पास घेराबंदी कर गोकुल उईके पिता मनेजर उईके, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम आरी कोनारी, थाना डोंगरगांव को मौके से पकड़ा, जिसके कब्जे से एक नग मृत इंडियन ग्रे मुंगूस बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
वन विभाग के वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री लवकेश गिलहरे के थाना डोंगरगांव पहुंचने पर आरोपी एवं मृत वन्य प्राणी को सुपुर्दनामा के तहत वन विभाग डोंगरगांव को सौंपा गया।


वन विभाग डोंगरगांव द्वारा आरोपी के विरुद्ध पी.ओ.आर. प्रकरण क्रमांक 17845/08 दिनांक 23.01.2026 के तहत वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 44, 49, 49(बी), 51 एवं 57 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी डोंगरगांव निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर सहित वन विभाग राजनांदगांव के योगेश साहू (उप मंडल अधिकारी), लवकेश गिलहरे (वन परिक्षेत्र अधिकारी डोंगरगांव), आकाश ठाकुर (वन परिक्षेत्र अधिकारी खुज्जी), प्रवीण देहारे (सहायक परिक्षेत्र अधिकारी उमरवाही), विनोद मिश्रा (सहायक परिक्षेत्र अधिकारी डोंगरगांव) एवं पंकज निर्मल (वन रक्षक डोंगरगांव) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page