back to top

राजनांदगांव: शहर में व्यापक कांबिंग गश्त 50 से अधिक असामाजिक तत्वों की जांच, फरार आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक असामाजिक तत्वों की जांच-पड़ताल की, वहीं मारपीट के एक मामले में फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।

Advertisements


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में 04 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने थाना कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग तथा पुलिस चौकी चिखली क्षेत्र के संवेदनशील मोहल्लों और कॉलोनियों में सघन कांबिंग गश्त की।
अभियान में कुल 70 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस बल ने गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों और सुनसान क्षेत्रों में भ्रमण कर सक्रिय गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। साथ ही पूर्व में अपराध में संलिप्त नाबालिगों के घर जाकर उनके माता-पिता को बच्चों को रात्रि में बाहर न घूमने देने की समझाइश दी गई।
देर रात सार्वजनिक एवं सुनसान स्थानों पर अलाव जलाकर नशे की हालत में बैठे व्यक्तियों की चेकिंग कर उन्हें अपने-अपने घर जाने तथा देर रात बाहर न घूमने की हिदायत दी गई।


कांबिंग गश्त के दौरान चौकी चिखली के अपराध क्रमांक 624/25, धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) बीएनएस के फरार आरोपी धर्मेंद्र तलकई, पिता उदय रग्गना, उम्र 23 वर्ष, निवासी स्टेशन पारा को गिरफ्तार किया गया।
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, डीएसपी मंजूलता बाज, उप पुलिस अधीक्षक आजाक के.पी. मरकाम, नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंड किरो सहित सभी संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने दल-बल के साथ मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं अपराधियों में भय का माहौल बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कांबिंग गश्त आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page