back to top

राजनांदगांव: सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। बसंतपुर पुलिस ने सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी तरुण निषाद, निवासी ग्राम धामनसरा ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करने वाले दुर्गेश कुमार यादव (22 वर्ष) निवासी ग्राम मानाटोला, थाना मोहला से हुई थी। आरोपी ने अपने मोबाइल में जमीन की तस्वीरें दिखाकर सस्ते दाम में जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया और विभिन्न किश्तों में उससे 3.50 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद न तो जमीन दिलाई और न ही रकम लौटाई।

शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 301/2026 के तहत धारा 420 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने आरोपी को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई एसपी-125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-08-AY-3881) तथा ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक गोवर्धन देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हीरामणी, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक अतहर अली, कुश बघेल सहित बसंतपुर थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page