back to top

राजनांदगांव : सांसद संतोष पांडे सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता शनिवार को गिरफ्तारी दिया….

राजनांदगांव। राजनीतिक गलियारों में टूलकिट मामले ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा नेताओं के खिलाफ हुई एफआईआर के विरोध में सांसद संतोष पांडे सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता शनिवार को गिरफ्तारी देने राजनांदगांव कोतवाली थाने पहुंचे। पुलिस ने जिला भाजपा अध्यक्ष और जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया और मुचलके पर छोडा़।

Advertisements

टूल किट मामले में कांग्रेस और भाजपा में घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस भाजपा पर टूल किट बनाने का आरोप लगा रही है तो वहीं भाजपा इसका दोष कांग्रेस पर मढ़ रही है। अब इस मुद्दे में गिरफ्तारी का दौर भी शुरू हो चुका है। बीते दिनों कांग्रेस ने टूल किट मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ विभिन्न थानों में एफआईआर करवाया था।

एफआईआर के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया और आज थाने पहुंचकर अपनी गिरफ्तारी दी। राजनांदगांव शहर कोतवाली थाना अपनी गिरफ्तारी देने भाजपा सांसद संतोष पांडे, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल पहुंचे। नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा सहित स्मृति ईरानी एवं अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज कराए गए एफआईआर का विरोध किया है।

इनकी हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष खूबचंद पारख और पूर्व विधायक कोमल जंघेल को गिरफ्तार कर मुचलके पर छोडा़।

कांग्रेस की करतूत- सांसद

इस दौरान सांसद संतोष पांडे ने कहा कि कांग्रेस इस प्रकार की निम्न हरकत करेगी किसी को पता नहीं था। आज देश संकटकाल से गुजर रहा है ऐसे समय में कांग्रेस राष्ट्र और धर्म के विरोध में उतार आयी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को केरल के शपथ ग्रहण और दिल्ली के किसान आंदोलन की भीड़ दिखाई नहीं देती। कांग्रेस ने मोदी और देश को बदनाम करने के लिए यहां की शमशान घाट और गंगा में बहते पुराने शवों की तस्वीर प्रस्तुत किया है और कुंभ के ऊपर भी सवाल खड़े किए हैं। सांसद संतोष पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को बदनाम करने के लिए कांग्रेस से संबंधित मीडिया हाउस के माध्यम से भारत की छवि को बदनाम किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनांदगांव शहर कोतवाली थाने में लगभग 1 घंटे तक बैठे रहे। इस दौरान इन नेताओं की गिरफ्तारी के बाद उन्हें मुचलके पर छोड़ दिया गया।

राजनांदगांव नगर पुलिस अधीक्षक लोकेश देवांगन का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह के खिलाफ हुए एफआईआर के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी है।

भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया। अपनी गिरफ्तारी देने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि टूलकिट बनाकर देश की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छवि को धूमिल करने एवं प्रधानमंत्री मोदी की स्वच्छ छवि को खराब करने की साजिश कांग्रेस ने की है, जिसका वे कडा़ विरोध करते हैं।

Advertisements

You cannot copy content of this page