
राजनांदगांव, 12 अक्टूबर। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चौथना में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस विवेचना के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने को लेकर जादू-टोना किए जाने का संदेह सामने आया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टंगिया, मोटरसाइकिल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चौथना निवासी सुखी सोनकर ने 9 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि घर पहुंचने पर उनकी पत्नी कमला सोनकर और पुत्र खुमेन्द्र सोनकर मृत अवस्था में मिले, जबकि पुत्री ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल थी।
घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 606/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 332, 109 और 103(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई
मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। साइबर सेल राजनांदगांव ने भी संदिग्धों की जानकारी जुटाने और विवेचना में सहयोग किया।
जांच के दौरान घटना के बाद से फरार चल रहे संदिग्ध हेमंत कुमार सोनकर को 12 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सोनू सोनकर तथा केशर सोनकर की भूमिका भी सामने आई।
विवेचना में आरोप है कि मुख्य आरोपी हेमंत कुमार सोनकर ने अपने चचेरे भाई खुमेन्द्र सोनकर और चाची कमला सोनकर पर धारदार हथियार से हमला किया तथा चचेरी बहन ममता सोनकर को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
साक्ष्य नष्ट करने का भी प्रयास
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया और मोटरसाइकिल जब्त की है। इसके अलावा, घटना के समय पहने गए कपड़ों तथा टंगिया के लकड़ी के बेंट को जलाकर नष्ट करने के प्रयास से संबंधित अवशेष भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, साक्ष्य नष्ट करने और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर योजना बनाने से संबंधित तथ्यों के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 61(2) और 238 भी जोड़ी गई हैं।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में हेमंत कुमार सोनकर (36 वर्ष), सोनू सोनकर (34 वर्ष) और केशर सोनकर (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तीनों ग्राम चौथना, थाना डोंगरगढ़ के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख, उप निरीक्षक गीतांजलि सिंह, सहायक उप निरीक्षक विजय साहू सहित थाना डोंगरगढ़ के पुलिसकर्मियों तथा साइबर सेल के सहायक उप निरीक्षक द्वारिका लाउतरे, आरक्षक परिवेश वर्मा, अमित सोनी और जीवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।










































