back to top

22 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी को दंतेवाड़ा पुलिस ने किया गिरफ्तार…

कटेकल्याण साप्ताहिक बाजार में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया

Advertisements

दंतेवाड़ा। जिले में फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेकल्याण पुलिस ने 22 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को कटेकल्याण के साप्ताहिक बाजार में घेराबंदी कर पकड़ा।


पुलिस के अनुसार, थाना कुआकोण्डा के अपराध क्रमांक 12/2004 में धारा 324 भादवि के तहत दर्ज प्रकरण में सुखराम उर्फ डेगो, पिता परदेशी, उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी मंझारपारा, ग्राम कटेकल्याण स्थायी वारंटी था। वर्ष 2004 में अपराध घटित होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और करीब 22 वर्षों से गिरफ्तारी से बचता रहा।


11 सितंबर को कटेकल्याण पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कटेकल्याण साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुर्गा बाजार के पास घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं सतत निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गिरफ्तारी संभव हुई। गिरफ्तार स्थायी वारंटी को 12 सितंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय, दंतेवाड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।


पुलिस ने बताया कि जिले में फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page