
राजनांदगांव। गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए झांकी समितियों और साउंड सिस्टम संचालकों की बैठक जिला पंचायत कार्यालय के सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकंडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, एसडीएम खेम लाल वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन सहित थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में झांकी निकालने का रूट गुरुद्वारा से मानव मंदिर, आजाद चौक, भारत माता चौक, कामठी लाइन, सुरजन गली, रामाधीन मार्ग, तिरंगा चौक होते हुए गंज चौक तक तय किया गया। समितियों को निर्देश दिए गए कि झांकी के दौरान विद्युत लाइनों का ध्यान रखते हुए सजावट की जाए, रोड के बीचो-बीच पंडाल न लगाए जाएं, और साउंड सिस्टम के लिए मानक नियमों का पालन किया जाए।
सभी समितियों को असभ्य गीत न बजाने, छोटे वाहनों का उपयोग करने और झांकी व पंडाल संचालन के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी से अनुमति लेने के निर्देश दिए गए। बैठक में सुरक्षा संबंधी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई और समितियों के सुझाव भी सुने गए।









































