राजनांदगांव : नवा खाई के बाद लौट रही महिला की दुर्घटना में मौत…

राजनांदगांव। महावीर-चौक से खैरागढ़ पहुंच मार्ग रेल्वे ओव्हर ब्रीज में 2 अक्टूबर दशहरा पर्व के दिन फिर एक जानलेवा हादसा हो गया। सड़क दुर्घटना में 65 वर्षीया महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। स्टेशनपारावासियों सहित चिखली क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ खूब नारे बाजी की।

Advertisements

चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत 2 अक्टूबर गुरुवार की दोपहर बाइक सवार एक महिला को पिकअप ने रौंद डाला। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्रीमती विमला साहू अपने पति श्याम चरण साहू के साथ बाइक में सवार होकर रायपुर से अपनी बेटी के घर स्टेशनपारा पहुंची थी। बताया जाता है कि नवा खाई पर्व के पश्चात वह अपने पति के साथ वापस रायपुर लौटने के लिए निकली थी।

इसी बीच चिखली की ओर से शुरूब ओव्हर ब्रीज में कृष्णा-डेयरी के समीप लगे जाम में बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। पीछे बैठी श्रीमती विमला साहू पति श्याम चरण साहू (65) बाइक से सड़क पर जा गिरी। इसी दौरान चिखली की ओर से आ रहे पिकअप वाहन के चक्के में आ जाने से उसका सिर फट गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फिर भी लोगों ने उसे हास्पिटल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे की जानकारी मृतिका की बेटी को लगते ही वह परिवार सहित मौके पर पहुंची। स्टेशनपारावासियों ने चिखली क्षेत्र के लोगों के साथ अन्डरब्रिज के निर्माण में हो रहे विलंब को हादसे का कारण बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नारे बाजी शुरू कर दी। इसी बीच भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस की यातायात व्यवस्था को भी जी भरकर कोसा। पहले से लगे जाम को पुलिस प्रशासन की लापरवाही बताते हुए पुलिस के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा।