
5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2025 की “खेल गौरव यात्रा -ट्रॉफी टूर” उत्साह के साथ संपन्न

खेल, शिक्षा और अनुशासन से युवाओं को जोड़कर नशा-मुक्त और स्वस्थ समाज की प्रेरणादायी पहल
अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के ट्रॉफी का हुआ अनावरण
21 से 28 दिसंबर तक चिखली स्कूल मैदान मे खेलेगी देश की नामचीन हॉकी टीमें
राजनांदगाँव। राजनांदगाँव की समृद्ध खेल संस्कृति और युवाओं की ऊर्जा का प्रतीक ‘रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2025’ की ट्रॉफी यात्रा आज उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ निकाली गई। यह अभियान युवाओं में खेल भावना, जिम्मेदारी और हॉकी के प्रति उत्साह जगाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसने पूरे शहर के खेल प्रेमियों को एक साथ जोड़ दिया।
ट्रॉफी यात्रा की शुरुआत सामजिक संस्था से जुड़े महिला समूह की सदस्यों द्वारा परंपरागत तिलक एवं आरती के साथ की गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी, वरिष्ठ शिक्षाविद नीरज बाजपेयी, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ अनिमेष गाँधी, डॉ राघव वर्मा, सहायक संचालक खेल विभाग ए एक्का, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी रमेश डाकालिया, अनूप श्रीवास्तव, दिग्विजय श्रीवास्तव, चंद्रशेखर शर्मा, कुतबुद्दीन सोलंकी, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा एवं सुनील साहू, आशा थॉमस, बबिता लिल्हारे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रॉफी यात्रा को रवाना किया। गाजे–बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच सैकड़ों खिलाड़ी, उनके पालक, वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक इस यात्रा का हिस्सा बने।
ट्रॉफी टूर ने पटरी पार क्षेत्र के शांति नगर, चीखली, ढाबा, शंकरपुर, दीनदयाल उपाध्यक्ष नगर, गवर्नमेंट प्रेस सहित कई वार्डों का भ्रमण किया, जहां स्थानीय निवासियों ने फूल माला पहनाकर एवं जयकारों के साथ ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान शहर में खेल के प्रति उमंग और गर्व का विशेष वातावरण बना रहा।

21 से 28 दिसंबर तक चीखली स्कूल मैदान मे होगा अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2025 का आयोजन 21 से 28 दिसंबर तक राजनांदगाँव के ढाबा रोड स्थित चीखली स्कूल मैदान में किया जाएगा। इस बार देश–प्रदेश की कई नामी–गिरामी टीमें खिताब के लिए मुकाबले में उतरेंगी।
भाग लेने वाली प्रमुख टीमें:
खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगाँव
जिला हॉकी संघ राजनांदगाँव
अमरावती एकादश (महाराष्ट्र)
आर. के. रॉय हॉकी अकादमी, पटना (बिहार)
भोपाल एकादश (मध्यप्रदेश)
सेल हॉकी अकादमी, राउरकेला (ओड़िशा)
तमिलनाडु एकादश, चेन्नई (TN)
मेंघबरन सिंह हॉकी अकादमी, करमपुर–गाज़ीपुर (UP)
स्टेट खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर
जिला हॉकी संघ कवर्धा
जिला हॉकी संघ दुर्ग
झारखण्ड एकादश
इन टीमों के आने से टूर्नामेंट अत्यंत रोमांचक होने जा रहा है और युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय हॉकी देखने और सीखने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
शहर में खेल उत्सव का माहौल- मृणाल चौबे
अंतराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं एन आई एस गोल्ड मैडलिस्ट हॉकी कोच मृणाल चौबे ने बताया की “खेल गौरव यात्रा-ट्रॉफी टूर” ने यह संदेश दिया कि राजनांदगाँव न केवल खेल प्रतिभा का केंद्र है, बल्कि यहाँ की जनता खेल को दिल से प्यार करती है। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को खेल के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित यह आयोजन राजनांदगाँव की खेल पहचान को और अधिक मजबूत करेगा तथा हॉकी के प्रति बढ़ती लोकप्रियता को नई दिशा प्रदान करेगा। इस यात्रा के माध्यम से एक ऐसा वातावरण विकसित करने का प्रयास है जिसमें युवाओं को खेल, शिक्षा और अनुशासन से जोड़कर नशा-मुक्त और स्वस्थ समाज का विकास हो सके।









































