भिलाई: दुर्ग में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई 9 लाख नकद व कार-मोबाइल जब्त…

भिलाई । ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस ने सिन्थेटिक हेरोईन (चिट्टा) बेचने वाली एक महिला सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कुल 52 ग्राम हेरोईन (चिट्टा), स्वीफ्ट कार, नौ नग मोबाईल, नगद रकम लगभग नौ लाख रूपए जप्त किए गए हैं। नशे के विरूद्ध चलाये जा रहे ऑपरेशन विश्वास अभियान में पुलिस को चिट्टा पंजाब से लाकर बेचने वाले दो गिरोहों को पृथक-पृथक थाना जामुल एवं खुर्सीपार क्षेत्र में पकड़ने की कार्यवाही की गई है।

पुलिस को सूचना मिली कि थाना जामुल क्षेत्र के ढांचा भवन कुरूद निवासी एक महिला अपने पुत्र किशन सिंह के साथ पंजाब से चिट्टा मंगवाकर बेचने का कार्य कर रही है। सूचना पर ढ़ांचा भवन कुरूद में रेड कार्यवाही की गई। आरोपी महिला के घर से 33.360 मिली ग्राम चिट्टा तथा 281.85 ग्राम डोडा चुरा बरामद किया गया। पूछताछ मेंआरोपी महिला ने बताया कि पंजाब से चिट्टा मंगाकर 20,000 रु. प्रति ग्राम की दर से चिट्टा बिक्री करती है।

कस्टमर को चिट्टा पहुंचाने का काम उसका बेटा किशन करता है। चिट्टा बिक्री की रकम 8,90,400 रुपए भी महिला की निशान देही पर बरामद कर एनडीपीएस के अंतर्गत कार्यवाही की गई। आरोपी व उसके पुत्र का पुराना अपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इसी प्रकार सूचना पर थाना खुर्सीपार थाना क्षेत्र में मिनी स्टेडियम सुलभ के पास आरोपी मिथलेश पाठक एवं परमेश्वर ठाकुर उर्फ पिन्टू डेफिनेट के पास क्रमशः आठ ग्राम व छह ग्राम सिंथेटिक नशा चिट्टा पाया गया।

पूछताछ पर इन्होंने ने बताया कि हाल ही में पंजाब से चिट्टा लाये हैं तथा ये पंजाब से चिट्टा लाकर बेचने का काम करते हैं। इन्होंने पंजाब से चिट्टा लाकर लोकेश अवस्थी खुर्सीपार जोन 2 भिलाई दीपक गुप्ता न्यू खुर्सीपार रणदीप मशाल चौकखुर्सीपार, अल्ताफ नेहरू नगर, निहाल सेक्टर 1 भिलाई सहित अन्य को चिट्टा बेचा है।

आरोपी मिथलेष तथा परमेश्वर से चिट्टा जप्त करने के उपरांत इनकी निशानदेही पर दीपक गुप्ता, निहाल राय, लोकेश अवस्थी, रणदीप सिंह, अल्ताफ कुरैशी से भी चिट्टा बरामद किया गया है। मामले में पूछताछ पर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

अब तक थाना जामुल के अपराध क्रमांक-03/2026 के तहत एक महिला सहित किशन पिता मुख्तार सिंह (25 साल) पता ढांचा भवन जामुल तथा थाना खुर्सीपार के अपराध क.-02/2026 के तहत मिथलेष पाठक, परमेश्वर उर्फ डेफिनेट ठाकुर दीपक गुप्ता, निहाल राय, लोकेश अवस्थी रणदीप सिंह, अल्ताफ कुरैशी के विरूद्ध धारा 8 21 (ख) 27 एनडीपीएस एक्ट कायम कर आज गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।