राजनांदगांव: जंगलपुर में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत मजदूरों से मिलीं विधायक हर्षिता स्वामी बघेल…

डोंगरगढ़। आज ग्राम जंगलपुर में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत मनरेगा मजदूरों से मुलाकात करने डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल सम्मिलित हुईं। इस दौरान उन्होंने मजदूरों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके अधिकारों को लेकर चर्चा की।

Advertisements

मजदूरों ने विधायक को बताया कि मनरेगा के अंतर्गत समय पर काम नहीं मिलना, मजदूरी भुगतान में देरी, जॉब कार्ड से संबंधित समस्याएं तथा कार्यस्थल पर मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी परेशानियां लगातार बनी हुई हैं। विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा है, इसे कमजोर करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि मजदूरों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा और मनरेगा को बचाने व मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने मजदूरों से एकजुट रहकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल स्वयं मनरेगा कार्य स्थल पर पहुंचीं और मजदूरों के साथ मिलकर श्रम किया। उन्होंने रापा से मिट्टी खोदकर तथा धमेला में मिट्टी सिर पर रखकर कार्य किया, जिससे मजदूरों का हौसला बढ़ा और उनके साथ एकजुटता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर, ग्रामीणजन एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।