राजनांदगांव: इंटरसेप्टर वाहन से ओवरस्पीड वाहनों पर सख्ती, यातायात पुलिस की लगातार कार्रवाई…

राजनांदगांव। जिले में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस द्वारा ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisements


यातायात पुलिस के अनुसार निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इंटरसेप्टर वाहन के जरिए स्पीड मॉनिटरिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ओवरस्पीड और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग कर स्वयं एवं दूसरों की जान की रक्षा करें।