
चिचोला पुलिस ने किराना दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने वाले आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी पैंतराम साहू (42 वर्ष) निवासी ग्राम झण्डातलाब, पुलिस चौकी चिचोला ने 8 मार्च 2026 को चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 8 मार्च की मध्य रात्रि में अज्ञात व्यक्ति ने उनकी किराना दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे लगभग 14,400 रुपये चोरी कर लिए।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की और घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केसरीनंदन नायक के निर्देशन में चौकी प्रभारी चिचोला निरीक्षक योगेश पटेल ने टीम के साथ आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान ग्राम झण्डातलाब निवासी संदेही राकेश यादव (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया और चोरी किए गए 14,400 रुपये अपने पैंट की जेब से निकालकर पुलिस के समक्ष पेश कर दिए। पुलिस ने रकम को गवाहों की मौजूदगी में बरामद कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी राकेश यादव को माननीय न्यायालय डोंगरगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक योगेश पटेल, उपनिरीक्षक मो. शरीफुद्दीन शेख, उपनिरीक्षक बिरेन्द्र नाविक, प्रधान आरक्षक हरणलाल जगनीत, आरक्षक विष्णु राम साहू और कमलेश बंजारे की सराहनीय भूमिका रही।










































