
राजनांदगांव। थाना डोंगरगांव क्षेत्र में लगभग 4 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। सुनसान मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह के चार आरोपियों—तीन पुरुष और एक महिला—को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 100 प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं।
मामले में प्रार्थी प्रवीण कुमार सिंह, निवासी राजीव नगर डोंगरगांव, ने 3 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर आलमारी व लॉकर का ताला तोड़कर सोने के कंगन, मंगलसूत्र और ईयरिंग चोरी कर ले गए। इस पर थाना डोंगरगांव में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार और निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों पर नजर रखी गई।
जांच के आधार पर पुलिस ने नमीत निर्मलकर उर्फ सन्नी और राहुल कुमार मालेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने चोरी के आभूषण तुलीका रायकर और आशीष रायकर को बेचने के लिए देना बताया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी 10 हजार रुपये, चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी (एक्टिवा), और चोरी में प्रयुक्त चाबी बरामद की। वहीं तुलीका रायकर और आशीष रायकर के पास से सोने का मंगलसूत्र, कंगन और ईयरिंग जब्त किए गए। इस तरह पुलिस ने चोरी के सभी आभूषण बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों में नमीत निर्मलकर (25), राहुल मालेकर (29), तुलीका रायकर (32) और आशीष रायकर (35) शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।










































