राजनांदगांव : तेज आवाज और खतरनाक ड्राइविंग पर पुलिस का एक्शन…

राजनांदगांव। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस चौकी तुमडीबोड ने हुड़दंग मचाने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज फटाकेदार आवाज निकालने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले युवकों पर मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।


मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 23 मार्च 2026 की रात वाहन क्रमांक CG08Y5446 और CG04MA2074 के चालक यश वर्मा (24 वर्ष) और समीर यादव (25 वर्ष), दोनों निवासी नंदनी, जिला दुर्ग, सहित अन्य के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 16,500 रुपये का चालान काटा गया।


इन वाहन चालकों पर मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग करने का आरोप है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले तथा अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।