राजनांदगांव: राजनांदगांव में मवेशी तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने मवेशी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुचड़खाने ले जाए जा रहे 4 नग मवेशियों को मुक्त कराया है। साथ ही परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक अशोक लीलैंड पिकअप, पायलटिंग कर रही होंडा अमेज कार तथा मोबाइल फोन समेत कुल 14 लाख 6 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में रविवार सुबह कार्रवाई की गई।

थाना लालबाग की टीम को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है और एक कार वाहन की पायलटिंग कर रही है।सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर चौक पेंड्री के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। जांच के दौरान पिकअप वाहन में 4 नग भैंसों को ठूंस-ठूंस कर बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक ले जाते पाया गया। पुलिस ने तत्काल मवेशियों को मुक्त कराया और वाहन समेत आरोपियों को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपियों में नितेश शिवरतन भंवरिया, शाहरुख खान, मोहम्मद मुबाशिर तथा मोहम्मद साजिद शामिल हैं, जो महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 हजार रुपये कीमत के 4 मवेशी, 10 लाख रुपये कीमत की अशोक लीलैंड पिकअप, 3 लाख रुपये कीमत की होंडा अमेज कार और 26 हजार 500 रुपये कीमत के 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश भी जारी है।