राजनांदगांव : बाइक की सीट में छुपाकर ले जा रहे थे गांजा, चिखली पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा…

राजनांदगांव। जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के तहत चिखली चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा परिवहन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6.847 किलोग्राम गांजा और एक पल्सर मोटरसाइकिल जप्त की है। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 98 हजार 470 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध गांजा, शराब बिक्री और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


इसी क्रम में 27 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक काले-नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 ए क्यू 6359 में अवैध गांजा लेकर ग्राम बोईरडीह की ओर जा रहे हैं। सूचना पर चौकी चिखली पुलिस ने ग्राम भाठागांव से बोईरडीह जाने वाले मार्ग पर वाहन चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान कोमल किराना दुकान के पास संदिग्ध बाइक को रोककर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपना नाम चेतन दास मानिकपुरी निवासी घोंघे डबरी थाना ठेलकाडीह जिला केसीजी तथा टैलेश चतुर्वेदी निवासी नयाढाबा वार्ड नंबर 4 थाना लालबाग जिला राजनांदगांव बताया।


तलाशी लेने पर बाइक की सीट के नीचे और थैले में छुपाकर रखा गया 6.847 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा कीमती 68 हजार 470 रुपये और बाइक कीमती 30 हजार रुपये जप्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। बाद में दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार आरोपी चेतन दास मानिकपुरी के खिलाफ पहले से आबकारी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सउनि शत्रुहन टंडन, सउनि विनोद वर्मा, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, आरक्षक आदित्य सोलंकी, नागेश्वर साहू, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी, कपूर आयाम सहित चौकी चिखली स्टाफ एवं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।