
राजनांदगांव। 8वीं वाहिनी (भा/र) छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, राजनांदगांव में जवानों एवं अधिकारियों के स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन सेनानी श्रीमती नेहा पाण्डेय के मार्गदर्शन में 29 मई 2026 को संपन्न हुआ।
शिविर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया तथा स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। स्वास्थ्य शिविर में यूनिट के चिकित्सा अधिकारी डॉ. लव पाण्डेय (शिशु रोग विशेषज्ञ) तथा रायपुर स्थित नारायणा एमएमआई हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश कुमार बोपचे एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने लगभग 150 जवानों और उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए।
रक्तदान शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. लव पाण्डेय सहित 15 जवानों ने रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। सेनानी श्रीमती नेहा पाण्डेय द्वारा रक्तदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किए जाने की जानकारी दी गई है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को प्रोत्साहित करना रहा। इसके साथ ही श्रीमती नेहा पाण्डेय के निर्देशन में 8वीं वाहिनी द्वारा नक्सल प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया। बीजापुर जिले के तारलागुड़ा थाना स्थित बी कंपनी कैम्प तथा दंतेवाड़ा जिले के जिला जेल स्थित डी कंपनी कैम्प में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।









































