राजनांदगांव: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से किसान रामेश्वर बने बिजली उपभोक्ता से बिजली उत्पादक…

राजनांदगांव 16 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिले के ग्राम जंगलेसर निवासी किसान श्री रामेश्वर प्रसाद चंद्राकर ने योजना के तहत अपने घर में 2 किलोवॉट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किया है।

संयंत्र लगने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है और अब वे अतिरिक्त बिजली विद्युत वितरण कंपनी को देकर आय अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। श्री रामेश्वर ने बताया कि उन्होंने लगभग तीन-चार माह पहले फरवरी 2026 में बैंक वित्तीय सहायता से सोलर संयंत्र लगवाया। इस पर उन्हें शासन की ओर से 90 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल 1000 रूपए से लेकर 1500 रूपए प्रतिमाह तक आता था, लेकिन अब बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया है।


श्री रामेश्वर ने बताया कि वर्तमान में उनका संयंत्र प्रतिदिन औसतन 5 से 8 यूनिट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन कर रहा है। गर्मी के मौसम में यह उत्पादन 12 से 14 यूनिट प्रतिदिन तक पहुंच जाता है। मोबाइल एप के माध्यम से वे प्रतिदिन बिजली उत्पादन और खपत की जानकारी देखते हैं। घर में प्रतिदिन 2 से 5 यूनिट बिजली की खपत होने के बाद शेष बिजली ग्रिड में जमा हो जाती है, जिसका भुगतान वार्षिक समायोजन के बाद उनके बैंक खाते में किया जाएगा।

श्री रामेश्वर ने कहा कि पहले मैं बिजली का उपभोक्ता था, अब बिजली बनाकर विद्युत कंपनी को बिक्री कर रहा हूँ। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से मुझे आर्थिक बचत के साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी मिला है। श्री रामेश्वर ने बताया कि उनके घर में सोलर संयंत्र लगने के बाद गांव के लोग उनसे जानकारी लेने आने लगे।

उनके अनुभव से प्रेरित होकर ग्राम जंगलेसर में लगभग 40 से 50 परिवारों ने भी सोलर संयंत्र स्थापित कर लिया है। वे ग्रामीणों को मोबाइल एप पर बिजली उत्पादन की जानकारी दिखाकर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हैं। श्री रामेश्वर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाकर बिजली बचत के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करने कहा।