
मोहला 30 जुलाई 2026। संचालनालय आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार तथा जिला आयुष अधिकारी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मार्गदर्शन में विकासखंड मानपुर के बाजार चौक स्थित लघु वनोपज भवन, ग्राम खड़गाँव में आज विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला एवं स्वास्थ्य जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक, मोहला-मानपुर श्री इन्द्र शाह मण्डावी द्वारा पूजन-अर्चन के साथ किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष मानपुर श्रीमती पुष्पा मण्डावी, जनपद उपाध्यक्ष मानपुर श्री देवानंद कौशिक, सरपंच खड़गाँव श्रीमती रमिला धुर्वे, श्रीमती सईदा खान, वरिष्ठ समाजसेवी श्री शिवप्रसाद शर्मा, ग्राम पटेल श्री गजराज धुर्वे, श्री बालचंद कुरेटी तथा ग्राम हथरा, दोरबा एवं सरोली के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विधायक श्री इन्द्र शाह मण्डावी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुष चिकित्सा पद्धति एवं आयुर्वेदिक औषधियों के लाभों पर प्रकाश डालते हुए आमजन से इनका अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की। श्रीमती पुष्पा मण्डावी, श्रीमती सईदा खान सहित सभी मंचस्थ अतिथियों ने आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिविर में वातरोग, चर्मरोग, उदररोग, नेत्ररोग, नाक-कान-गला संबंधी रोग, बाल एवं शिशु रोग, स्त्रीरोग, अर्श, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, अवसाद, अनिद्रा तथा मौसम परिवर्तन से होने वाले विभिन्न रोगों का आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति से परीक्षण एवं उपचार कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में कुल 472 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 278 मरीजों का उपचार आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति तथा 194 मरीजों का उपचार होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति से किया गया।
इस अवसर पर आयुर्वेद की महत्वपूर्ण विधा “स्वर्ण प्राशन संस्कार” का शुभारंभ माननीय विधायक द्वारा किया गया, जिसके अंतर्गत 42 बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, खड़गाँव के सहयोग से 122 लोगों की शुगर जांच एवं 178 लोगों का रक्तचाप परीक्षण किया गया।









































