
राजनांदगांव। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस चौकी सुरगी ने भर्रेगांव में पांच लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 2 अगस्त को देहात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भर्रेगांव में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर युवकों को ताश खेलने के लिए एकत्रित कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल खराब होने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मिथिलेश चंद्राकर, कन्हैया निषाद, लल्ला निषाद, चंदूराम निषाद और टिकेश कुमार टंडन सार्वजनिक स्थान पर युवकों को ताश खेलने के लिए जुटाते थे। ग्रामीणों द्वारा मना करने पर वे विवाद करते और मारपीट की धमकी देते थे। पुलिस के अनुसार उनके इस व्यवहार से क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होने तथा संज्ञेय अपराध की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया तथा धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










































