राजनांदगांव: चाकू से हमला कर फरार हुए चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, हथियार भी बरामद…

राजनांदगांव जिले की चिखली चौकी पुलिस ने चाकू से हमला करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को घटना के महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन चाकू और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 4 अगस्त को प्रार्थी ने चिखली चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुधीर नायडू, शेरा कश्यप, रोहित देवार और लक्ष्मण यादव ने विवाद के बाद एक राय होकर उस पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के साथ चाकू से सिर, पीठ, कमर और कूल्हे पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चिखली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने बागतराई क्षेत्र में घेराबंदी कर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 109(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।