हरियाली तीज महोत्सव 2026 : सनातन धर्म महिला मंडल करेगा भव्य आयोजन, प्रतियोगिताओं में भागीदारी निःशुल्क…

राजनांदगांव। सावन माह के पावन अवसर पर सनातन धर्म महिला मंडल द्वारा 13 अगस्त 2026 को हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 3:00 बजे से जलाराम मंदिर, कैलाश नगर में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, पारंपरिक लोक उत्सवों एवं महिलाओं के सामाजिक और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में हरियाली तीज उत्सव के साथ-साथ डांस प्रतियोगिता, गीत (सिंगिंग) प्रतियोगिता एवं सावन क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सावन क्वीन प्रतियोगिता की विजेता को क्राउन एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतियोगिताओं में भागीदारी पूर्णतः निःशुल्क रहेगी तथा इच्छुक महिलाओं एवं युवतियों का मंडल की ओर से हार्दिक स्वागत किया गया है।

कार्यक्रम में समाजसेवी शारदा दीदी, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, महिला एवं बाल विकास विभाग की चेयरमैन वर्षा शरद सिन्हा, भाजपा दक्षिण मंडल अध्यक्ष मधु बेदे, समाजसेवी करुणा यादव एवं किरण अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

आयोजन समिति की प्रदेश अध्यक्ष मौसमी शर्मा ने सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सावन की हरियाली, तीज की परंपरा और भारतीय संस्कृति के इस उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करते हैं।