राजनांदगांव : 18.50 लाख की बिजली वायर चोरी का पर्दाफाश, हाईवे पर दबोचे गए आरोपी…

राजनांदगांव जिले की तुमड़ीबोड़ पुलिस और साइबर सेल ने 4 टन बिजली के एल्युमिनियम वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18 लाख 50 हजार रुपये की चोरी की वायर और वारदात में प्रयुक्त मिनी ट्रक जब्त किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को ग्राम दीवानभेड़ी स्थित साइट से 33 केवी बिजली लाइन के लिए डंप किए गए करीब 4 टन एल्युमिनियम वायर की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। चोरी गए वायर की कीमत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई थी। शिकायत के बाद तुमड़ीबोड़ चौकी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान चोरी में प्रयुक्त अशोक लेलैंड मिनी ट्रक की पहचान की गई।
मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चोरी की वायर को बेचने के लिए बिलासपुर की ओर ले जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 4 टन एल्युमिनियम वायर, जिसकी कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये है, तथा वारदात में प्रयुक्त लगभग 8 लाख रुपये कीमत का मिनी ट्रक जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।