
राजनांदगांव। पुलिस चौकी सुरगी ने गांव में नशे की हालत में विवाद और हंगामा कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 7 अगस्त को ग्राम कोटराभाठा के ग्रामीणों ने पुलिस चौकी सुरगी में शिकायत की कि छन्नू कंवर (32 वर्ष) नशे की हालत में गांव में लोगों से विवाद और झगड़ा कर रहा है, जिससे कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पूछताछ के दौरान शिकायत सही पाई गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और अक्सर नशे की हालत में ग्रामीणों से विवाद करता है, जिससे क्षेत्र में संज्ञेय अपराध होने की आशंका बनी रहती है।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से जारी जेल वारंट के आधार पर उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध या उपद्रवी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।










































