राजनांदगांव: गौरीनगर तालाब के पास चाकू दिखाकर लूट, चिखली पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार…

This image has an empty alt attribute; its file name is Untitled-19.jpg

राजनांदगांव। गौरीनगर तालाब के पास चाकू दिखाकर मारपीट करते हुए 2 हजार रुपये लूटने के मामले में चिखली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की नगदी रकम 2 हजार रुपये और वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को प्रार्थी ने चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्त के साथ प्लाट देखने गौरीनगर की ओर गया था। इसी दौरान गौरीनगर तालाब के पास आरोपी इमरान अहमद सिद्दीकी ने चाकू दिखाकर उसके साथ मारपीट की और 2 हजार रुपये छीनकर फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर चौकी चिखली पुलिस ने धारा 311, 3(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने गौरीनगर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा वारदात करना स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक धारदार चाकू और लूट की 2 हजार रुपये की रकम बरामद की।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, सहायक उप निरीक्षक शत्रुहन टण्डन, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, आरक्षक आदित्य सोलंकी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी, टीकाराम ध्रुव एवं नेम सिंह सहित चौकी चिखली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।