डोंगरगढ़ में अवैध शराब परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार…

30 पौवा देशी शराब और बाइक समेत 53 हजार रुपये का सामान जब्त

Advertisements

डोंगरगढ़। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ डोंगरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 पौवा रोमियो देशी मसाला शराब बरामद की है। शराब की कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर बताई गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 53 हजार रुपये है।

पुलिस के अनुसार प्रज्ञागिरी जाने वाले तिराहा स्थित हनुमान मंदिर के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG-08-BG-4527 को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुम्भकार, उम्र 22 वर्ष, निवासी कुम्हार पारा डोंगरगढ़ और सलीमुद्दीन, उम्र 57 वर्ष, निवासी भगत सिंह चौक डोंगरगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस द्वारा अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और शराब कोचियों एवं तस्करों पर निगरानी रखी जा रही है।