back to top

राजनांदगांव: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मवेशियों के गले में बांधी रेडियम पट्टी…

राजनांदगांव। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और रात्रि के समय सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसमें जीवरत्नम फाउंडेशन के सदस्यों ने भी सहयोग किया।

Advertisements

अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने रात्रि में प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क पर विचरण कर रहे मवेशियों को सुरक्षित रूप से सड़क किनारे किया। इसके साथ ही मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी बांधी गई। वाहन की हेडलाइट पड़ने पर रेडियम पट्टी चमकती है, जिससे अंधेरे में सड़क पर मौजूद मवेशी वाहन चालकों को दूर से दिखाई दे सकेंगे। इससे वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर दुर्घटना की संभावना को कम कर पाएंगे।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से रात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सड़क पर मवेशी दिखाई देने पर वाहन की गति कम करने और पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। वहीं पशुपालकों से भी मवेशियों को खुला नहीं छोड़ने और उन्हें सड़क पर आने से रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की अपील की गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जनहितकारी एवं सड़क सुरक्षा संबंधी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page