
राजनांदगांव। थाना सोमनी क्षेत्र के ग्राम देवादा स्थित सेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए एसी आउटडोर, एचटीपी पंप सहित अन्य सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूका और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 7:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ग्राम देवादा स्थित सेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
चोर फार्म हाउस से 10 नग एसी आउटडोर, 3 नग सबमर्सिबल पंप, एक वाटर पंप, एचपी पंप, एचटीपी पंप, सीसीटीवी कैमरे और ब्लूटूथ साउंड बॉक्स सहित करीब 56,500 रुपये कीमत का सामान ले गए थे।
फार्म हाउस संचालक की रिपोर्ट पर थाना सोमनी में अपराध क्रमांक 164/26, धारा 305(ए), 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं श्री के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना सोमनी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से तकनीकी साक्ष्य जुटाकर संदिग्धों की पतासाजी शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विजय सोनवानी पिता अलखराम सोनवानी, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम धीरी आबादीपारा, थाना सोमनी तथा नागेश्वर प्रसाद साहू पिता स्व. रोहित राम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम खल्लारी, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर फार्म हाउस में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वोल्टास कंपनी के 8 एसी आउटडोर, गोदरेज कंपनी का एक एसी, किसान क्राप कंपनी का एक एचटीपी पंप तथा चोरी में प्रयुक्त वाहन क्रमांक CG 07 CK 3327 जब्त किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
कार्रवाई में थाना सोमनी से उनि बलदाऊ चंद्राकर, प्रधान आरक्षक डूलेश्वर साहू, आरक्षक मनोज हरमुख, भास्कर प्रधान और विनोद महिलांगे तथा साइबर सेल से निरीक्षक विनय पम्मार, आरक्षक परवेश वर्मा, पुनेश कुमार, मोहन, हरिश ठाकूर, आदित्य सिंह और हेमंत साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने की सुरक्षा की अपील
थाना सोमनी पुलिस ने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान, फार्म हाउस और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने तथा आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतने की अपील की है। पुलिस ने क्षेत्र में अवैध शराब, नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की है।











































