
महिला सशक्तिकरण और शासन में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी पर हुआ मंथन

डोंगरगढ़/राजनांदगांव। नई दिल्ली स्थित ताज होटल में महिला विधायकों के लिए आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला “जेंडर रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस” में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल शामिल हुईं। कार्यशाला में महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, शासन एवं निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी सहित महिलाओं से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखते हुए नीतियों और योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यशाला के दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों एवं देशभर से शामिल महिला विधायकों के साथ संवाद किया। उन्होंने महिलाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अपने विचार साझा किए।
विधायक ने कहा कि शासन व्यवस्था में महिलाओं की समान और सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करना सशक्त एवं समावेशी समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है। महिलाओं की आवश्यकताओं और चुनौतियों को केंद्र में रखकर नीतियों एवं योजनाओं का निर्माण किया जाना समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला में मिले अनुभव और सीख को डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास तथा महिला सशक्तिकरण के लिए उपयोगी बनाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यशाला में महिला प्रतिनिधित्व को मजबूत करने और शासन में लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।










































