back to top

नाबालिगों को चाकू-छुरी बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, खैरागढ़ पुलिस ने चलाया विशेष अभियान…

खैरागढ़। आमजन की सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए खैरागढ़ पुलिस ने अवैध हथियारों एवं चाकू-छुरी जैसे धारदार हथियारों के बिक्री और उपयोग को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत नाबालिगों और युवाओं को धारदार हथियारों से दूर रहने की समझाइश दी गई।

Advertisements


पुलिस ने युवाओं को सार्वजनिक स्थानों पर चाकू-छुरी या अन्य धारदार हथियार लेकर नहीं घूमने की हिदायत दी। साथ ही हथियारों के दुरुपयोग से होने वाले विवाद, मारपीट और गंभीर आपराधिक घटनाओं के संभावित परिणामों के बारे में जानकारी दी गई।


दुकानदारों को भी दी गई सख्त हिदायत
अभियान के दौरान पुलिस ने हार्डवेयर और बर्तन दुकानदारों से संपर्क कर चाकू, छुरी एवं अन्य धारदार वस्तुओं की बिक्री में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। नाबालिगों, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों द्वारा ऐसी वस्तुओं की मांग किए जाने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने कहा गया।


इसके अलावा चाकू-छुरी में धार करने वाले कारीगरों, वेल्डिंग एवं फैब्रिकेशन संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि संदिग्ध परिस्थितियों में किसी नाबालिग या व्यक्ति द्वारा हथियारनुमा वस्तु में धार कराने, निर्माण या मरम्मत कराने की स्थिति में पुलिस को सूचित करें।


हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर होगी कार्रवाई
खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखने, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन करने अथवा उनके जरिए लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिगों को धारदार हथियार उपलब्ध कराने या संदिग्ध गतिविधियों में सहयोग करने वाले लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page