
चिल्हाटी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, आरोपी के कब्जे से तलवार बरामद; आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। ग्राम चिल्हाटी के अटल चौक में तलवार लहराकर राहगीरों को धमकाने वाले युवक को चिल्हाटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तलवार बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिल्हाटी के अटल चौक में एक युवक हाथ में तलवार लेकर उसे लहराते हुए राहगीरों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना चिल्हाटी पुलिस ने हमराह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सूरज चंद्रवंशी (23), पिता मथान चंद्रवंशी, निवासी चिल्हाटी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से तलवार बरामद की। मामले में थाना चिल्हाटी में अपराध क्रमांक 67/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर सीजीएम न्यायालय, अंबागढ़ चौकी के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव दाखिल किया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अंबागढ़ चौकी नेहा पवार के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय मेरावी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक उमेश लहरे, सहायक उप निरीक्षक जगमोहन कुंजाम, मायाराम नेताम सहित पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











































