
खैरागढ़। नाबालिगों और युवाओं को हिंसा, अपराध तथा हथियारों की प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से खैरागढ़ पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, चौक-चौराहों, स्कूल-कॉलेजों सहित युवाओं की अधिक आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं।

पुलिस द्वारा लगाए जा रहे पोस्टरों के माध्यम से युवाओं से चाकू, धारदार हथियार अथवा अन्य हथियार रखने और हिंसा में शामिल होने से दूर रहने की अपील की जा रही है।
पुलिस ने समझाइश देते हुए कहा कि क्षणिक आवेश, विवाद या दिखावे के लिए हथियार रखना युवाओं के भविष्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय संयम बरतते हुए परिजनों, शिक्षकों या पुलिस की मदद लेने की सलाह दी गई है।
अभियान के दौरान अभिभावकों और शिक्षकों से भी बच्चों की संगति, गतिविधियों और व्यवहार पर नजर रखने तथा उन्हें शिक्षा, खेल, हुनर और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आग्रह किया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास हथियार है तो वह उसे अपने परिचित या अभिभावक के माध्यम से जमा कर सकता है। इसके अलावा 112 पर सूचना देकर भी हथियार जमा कराया जा सकता है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार रखना, उनका सार्वजनिक प्रदर्शन करना अथवा हिंसा फैलाना स्वीकार्य नहीं होगा। ऐसे मामलों में कानून के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “हथियार नहीं, हुनर अपनाएं। हिंसा नहीं, शिक्षा और संस्कार चुनें। आज सही रास्ता चुनें, कल अपना भविष्य संवारें।” पुलिस ने सुरक्षित युवा और सुरक्षित समाज के लिए युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।











































