
पहले दिन कमला देवी, दिग्विजय, डोंगरगढ़, छुईखदान और पीजी कॉलेज कवर्धा की टीमों ने दर्ज की जीत

राजनांदगांव। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय के तत्वावधान में सेक्टर स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में राजनांदगांव, कवर्धा, खैरागढ़ और मोहला क्षेत्र के 17 महाविद्यालयों की महिला कबड्डी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने कहा कि 17 महाविद्यालयों की टीमों की भागीदारी उत्साहजनक है। कबड्डी पारंपरिक भारतीय खेल है, जो शारीरिक शक्ति, मानसिक एकाग्रता और टीम भावना का बेहतर संगम है।
डॉ. शैलेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है। खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन कर सकते हैं। डॉ. नीता नायर ने कहा कि कबड्डी से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक विकास भी होता है।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में कमला देवी महाविद्यालय राजनांदगांव ने मोहला को 47-13, दिग्विजय महाविद्यालय ने बाजार अतरिया को 45-04, डोंगरगढ़ ने खैरागढ़ को 33-03, छुईखदान ने कन्या महाविद्यालय कवर्धा को 23-22 तथा शासकीय पीजी महाविद्यालय कवर्धा ने डोंगरगांव को 24-07 से पराजित किया।
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ाधिकारी अरुण कुमार चौधरी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी पी.के. हरि, श्रीमती अनीता पौषार्य, मोरजध्वज सोनवानी, राहुल पाटिल सहित विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में निर्णायक के रूप में ललित साहू, संजय शाह मंडावी, मनोज साहू, गौरव सोनी, पवित्र साहू, नागेंद्र नागवंशी, हमारचंद एवं तुलेश जंघेल ने भूमिका निभाई।










































