back to top

खैरागढ़ में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, 2 हजार लोगों ने लिया जागरूकता अभियान में हिस्सा…

खैरागढ़। साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कैंपस-2 स्थित IKSV ऑडिटोरियम में साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं, नागरिकों एवं गणमान्यजनों ने सहभागिता की।

Advertisements

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने की।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और समाज में साइबर जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी।

आईजी अजय कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की प्रकृति तेजी से बदल रही है। पारंपरिक अपराधों के साथ साइबर अपराधों का स्वरूप भी तेजी से बढ़ रहा है।

ऐसे में डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को ध्यान में रखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं और आमजन को अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल एवं मैसेज से सावधान रहने की समझाइश दी गई साथ ही OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े और आईजी अजय कुमार यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से भी सेल्फी के माध्यम से साइबर अवेयरनेस का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वनमंडलाधिकारी संजय यादव, एसडीएम खैरागढ़, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ की राजश्री त्रिपाठी, घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि जागरूक रहें, अनजान लिंक और संदिग्ध कॉल से बचें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।

Advertisements

You cannot copy content of this page