
कोतवाली पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत की कार्रवाई, धारदार चाकू जब्त

राजनांदगांव। आगामी गणेश पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रकाश गणवीर (29 वर्ष), निवासी बैला पसरा, हनुमान मंदिर के पीछे, राजनांदगांव स्टेट स्कूल के पास फ्लाईओवर के नीचे हाथ में चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 534/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में अपराध दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उप निरीक्षक रतन सिंह नेताम, आरक्षक अश्वनी ठाकुर, राजेश साहू और पूरन लाल वर्मा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चाकूबाजों और अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











































