back to top

राजनांदगांव: गणेश पर्व पर पुलिस फुल एक्शन मोड में, 500 जवानों की तैनाती…

हर पंडाल में रहेगा पुलिस मित्र, सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी

Advertisements

राजनांदगांव, 13 सितंबर। आगामी गणेश पर्व एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में जिले में करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पंडालों की सुरक्षा और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग पर विशेष फोकस रहेगा।

गणेश उत्सव के दौरान आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की निगरानी के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में सूचना संकलन और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

पुलिस ने सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए अलग सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम गठित की है। टीम आपत्तिजनक, भ्रामक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट और सामग्री पर नजर रखेगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अपराध नियंत्रण और खुफिया सूचना संकलन के लिए विशेष Anti-Crime एवं Intelligence Collection Squad भी गठित किया गया है। यह टीम संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखेगी तथा सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करेगी।

बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था होगी सख्त

गणेश पर्व के दौरान शहर के बाजार क्षेत्रों में अगले करीब 10 दिनों तक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों के आगे कार और ई-रिक्शा के प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा। आवश्यक सेवाओं और विशेष परिस्थितियों को इससे अलग रखा गया है।

हर पंडाल में रहेगा पुलिस मित्र

गणेश उत्सव समितियों के साथ पुलिस का समन्वय बढ़ाने के लिए अब तक दो चरणों में बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में पंडाल सुरक्षा, सीसीटीवी, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

इसी क्रम में पुलिस की पहल “One Pandal – One Cop : Pandal Police Mitra” के तहत संबंधित गणेश पंडालों में पुलिस मित्र नियुक्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी गणेश पंडाल समितियों के साथ पुलिस मित्रों की सूची साझा की है, जिससे समितियां संबंधित पुलिसकर्मी से सीधे समन्वय कर सकें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जा सके।

रात में बढ़ेगी पेट्रोलिंग

गणेश उत्सव के दौरान विजिबल पुलिसिंग और प्रभावी पेट्रोलिंग पर विशेष जोर रहेगा। थाना प्रभारी एवं फील्ड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निगरानी करेंगे। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को भी मजबूत रखा जाएगा, ताकि नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।

राजनांदगांव पुलिस ने असामाजिक और आपराधिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों और गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि वे पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Advertisements

You cannot copy content of this page